सरायकेला:राजनगर प्रखंड स्थित टांगरजोड़ा गांव का नीचे टोला इन दिनों गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहा है. हालात ऐसे हैं कि लोगों को पीने के पानी के लिए रोजाना संघर्ष करना पड़ रहा है. जबकि, इस गांव मेंकरीब 60 से 70 परिवारों की लगभग 200 की आबादी एकमात्र जलस्रोत पर निर्भर है, लेकिन पानी की उपलब्धता जरूरत के मुकाबले काफी कम है. पानी की कमी के कारण महिलाओं को रोज सुबह तीन बजे से ही नल के पास कतार लगानी पड़ती है. कई घंटे इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता. पानी भरने के दौरान महिलाओं के बीच विवाद और कहासुनी तक हो जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ उनकी परेशानी भी बढ़ती जा रही है.

लगभग 200 आबादी की इस गांव में एकमात्र जलस्रोत,सुबह 3 बजे से लगती लाइन

क्षेत्र मेंलंबे समय सेपेयजल संकट,जनप्रतिनिधि मौन

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है,लेकिन पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है.

शिकायत के बावजूद स्थिति जस के तस

लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस के तस बनी हुई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान निकालने, खराब पड़ी जलापूर्ति योजनाओं को चालू करने और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है.