Hindi News / सिंहभूम कॉलेज चांडिल में मूलभूत सुविधाएं गायब,जर्जर शौचालय से बढ़ा हादसे का खतरा

सरायकेला : सिंहभूम कॉलेज चांडिल में मूलभूत सुविधाएं गायब,जर्जर शौचालय से बढ़ा हादसे का खतरा

Edited By:  |
saraikela saraikela

सरायकेला:ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के एक मात्र सिंहभूम कॉलेज चांडिल में नया भवन मिलने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं के अभाव हालत दयनीय है. कॉलेज परिसर में शौचालय निर्माण और आवश्यक सुविधाओं की घोर कमी है. पुराने भवनों और पूरे परिसर के सुदृढ़ीकरण की दिशा में भी अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं.

जर्जर शौचालय,हादसा होने का खतरा

कॉलेज में शौचालय बेहद जर्जर हालत में है. कई शौचालय टूट-फूट की कगार पर पहुंच चुके हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. छात्र-छात्राओं ने बताया कि शौचालय का उपयोग करना खतरे से खाली नहीं है. दरवाजे टूटे हैं, छत से प्लास्टर गिर रहा है और गंदगी का अंबार लगा है.

अव्यवस्था का असर पढ़ाई पर पड़ रहा

विद्यार्थियों का कहना है कि इस अव्यवस्था का सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है. एकाग्रता और स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है, जिससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है. खासकर छात्राओं को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है. कई छात्राएं शौचालय की खराब हालत के कारण क्लास बंक करने को मजबूर हैं.

प्रबंधन से मरम्मत की मांग

छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन एवं संबंधित विभाग से जल्द शौचालयों की मरम्मत, नए निर्माण तथा पूरे परिसर के सुदृढ़ीकरण की मांग की है. स्थानीय अभिभावकों और क्षेत्र के लोगों ने भी इस गंभीर समस्या पर चिंता जताई है. अभिभावकों का कहना है कि नए भवन का उद्घाटन कर दिया गया है, लेकिन पुरानी समस्याएं जस की तस है.

अधर में छात्रों का भविष्य

गौरतलब है कि इसी कॉलेज का इंटर साइंस का रिजल्ट 50% रहा है और इंटर की पढ़ाई बंद होने की बात भी सामने आई है अब मूलभूत सुविधाओं की कमी से छात्रों का भविष्य और अधर में दिख रहा है.