बोकारो:- गरगा नदी पर अतिक्रमण रोकने के लिए दोनों छोर पर करीब 5 किलोमीटर तक पौधरोपण किया जाएगा। पौधरोपण बोकारो ग्रीन योजना के तहत किया जाएगा। इसके लिए बोकारो के गरगा डैम से सेक्टर-6 के बीच के 5 किमी जमीन चिह्नित की गई है। इसके लिए वन विभाग ने सरकार को 80 लाख रुपए का प्रस्ताव भेजा है। पौधरोपण के लिए प्रथम चरण में लगभग 30 हजार पौधे लगेंगे। इसकी स्वीकृति आने के साथ ही बाड़ लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।


नदी के अतिक्रमण को रोकने व पर्यावरण संरक्षण को लेकर होगा पौधारोपण

कटाव से नदी का होगा बचाव गरगा नदी के किनारे पौधरोपण करने का मुख्य उद्देश्य नदी के दोनों छोर पर होने वाले अतिक्रमण होने से बचाना है। साथ ही गरगा नदी को प्रदूषित होने से बचाने का प्रयास किया जाएगा और पर्यावरण का संरक्षण हो सके। इसके अलावा बरसात के मौसम में रिहायशी इलाकों के तटबंधों में तेज बहाव के कारण होने वाले कटाव रोकना है। इसके लिए जहां-जहां मिट्टी का कटाव हो रहा है, उन स्थानों को चिह्नित किया गया है। जिन स्थानों को पौधरोपण के लिए चिन्हित किया गया है, इनमें गरगा डैम बालीडीह, सिवनडीह, बारी कोआपरेटिव, हनुमान नगर, आदर्श कोआपरेटिव, सेक्टर-12डी, कुंवर सिंह कॉलोनी, भोजपुर कॉलोनी, भर्रा बस्ती आदि शामिल है।

डीएफओ, बोकारो रजनीश कुमार ने बताया कि गरगा नदी के 5 किमी के क्षेत्र में पौधरोपण के लिए 80 लाख रुपए का प्रस्ताव भेजा गया है। एक महीने में ही इसकी स्वीकृति भी आ जाएगी। स्वीकृति प्राप्त होते ही बाड़ लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। बरसात के पूर्व बाड़ तैयार करने का लक्ष्य है। इसके बाद पौधरोपण का कार्य शुरू किया जा सके।