समृद्धि यात्रा में सीएम नीतीश पहुंचे मधेपुरा : बोले- बिहार में पहले नहीं होता था कोई काम, हमलोगों की जब से बनी सरकार, तब से हो रहा काम

Edited By:  |
samridh yatra mai cm nitish pahunche madhepura samridh yatra mai cm nitish pahunche madhepura

मधेपुरा : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत मंगलवार को मधेपुरा पहुंचे. उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजद रहे. मुख्यमंत्री ने मधेपुरा में 216 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 158 योजनाओं का उद्घाटन किया. इसके साथ ही 86 करोड़ की लागत से विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया.

मंच पर सीएम के साथ मंत्री विजय कुमार चौधरी, लेसी सिंह, नरेंद्र नारायण यादव समेत अन्य मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पहले बिहार में कोई काम नहीं होता था, हमलोगों की जब से सरकार बनी है तब से हर क्षेत्र में काम हो रहा है. अपराध पर रोक लगी है. सड़कें बनी है. शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर शिक्षकों की बहाली की गई.

पहले स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल खराब था. सुविधा नहीं रहने के कारण लोग अस्पताल नहीं जाते थे. 2006 से ही अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ी है. पहले मात्र 6 मेडिकल कॉलेज थी. इसकी संख्या बढ़ाई गई है. पीएमसीएच में 5400 बेड की व्यवस्था की गई है. पांच पुराने मेडिकल कॉलेज में 2500 बेड की व्यवस्था की जाएगी. आईजीआईएमएस में काफी काम करवाएं हैं. यहां 3 हजार बेड बढ़ाया जाएगा. सड़कों, पुल पुलियों का निर्माण कराया गया. रेल ओवर ब्रिज, बाईपास रोड का निर्माण कराया गया. राज्य के सबसे दूर के इलाके से मात्र 5 घंटा में पटना पहुंचा जा सकता है. कृषि के क्षेत्र में काफी विकास हुआ है. किसानों की आय बढ़ी है. मछली पालन के क्षेत्र में बिहार आत्मनिर्भर बना. सात निश्चय एक, दो और तीन के तहत काफी काम किया गया.

2018 में हर घर बिजली पहुंचाई गई. घरेलु उपभोक्ताओं को मुफ्त में बिजली दी जा रही है. सरकार के तरफ से सभी इच्छुक लोगों के घरों पर सोलर पैनल लगाया जाएगा. 50 लाख घरों पर सोलर लगाने की स्वीकृति मिली है.