BREAKING : कोचिंग विवाद केस में रौशन आनंद को जमानत, नेपाल में मृत भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
पटना। खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञानबिंदु कोचिंग विवाद से जुड़े चर्चित मामले में ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद को अदालत से जमानत मिल गई है। कोर्ट के इस फैसले के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। जमानत मिलने के बाद रौशन आनंद अपने छोटे भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे, जिनकी हाल ही में नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
आपको बता दें, कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद और उससे जुड़े हिंसक घटनाक्रम के बाद पुलिस ने रौशन आनंद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। यह मामला बिहार के शिक्षा जगत के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना रहा। इसी बीच रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद नेपाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि अब तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक रिपोर्ट जारी नहीं की गई है।
परिजनों और समर्थकों ने प्रिंस यादव की मौत की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच आवश्यक है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
रौशन आनंद की जमानत के बाद अब वे अपने परिवार के साथ रह सकेंगे और भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। परिवार इस समय शोक में है, जबकि ज्ञान बिंदु कोचिंग की गतिविधियां भी इस घटनाक्रम से प्रभावित हुई हैं। वहीं, खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञानबिंदु विवाद से जुड़े अन्य मामलों की जांच अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, रौशन आनंद को मिली जमानत और प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत ने एक बार फिर इस पूरे मामले को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब लोगों की नजरें नेपाल पुलिस की जांच रिपोर्ट और मामले से जुड़े आगामी कानूनी घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।





