PATNA : मोतिहारी में आयोजित सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में सीएम नीतीश कुमार द्वारा दोस्ती पर दिए गये बयान के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। इस मामले पर अब आरजेडी ने तीखा बयान दिया है।


सीएम नीतीश के बयान पर आरजेडी की प्रतिक्रिया

आरजेडी के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री के बयान को गलत तरीके से सामने लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वहां पर बीजेपी सांसद राधा मोहन सिंह बैठे हुए थे। मुख्यमंत्री अपने निजी संबंधों की मंच से दुहाई दे रहे थे लेकिन कुछ लोग इसका गलत मतलब निकाल रहे हैं, जो बिल्कुल भी ठीक नहीं है।


बोली आरजेडी - बदल गया जमाना

इसके साथ ही शक्ति सिंह यादव ने बीजेपी पर प्रहार करते हुए कहा कि अब वे लोग भूल जाएं कि कभी भी उस तरह का संबंध मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उन लोगों के साथ रखेंगे। अब वह जमाना बदल गया है। सब कुछ बदल गया है, भारतीय जनता पार्टी की जो रणनीति है, वह भी पूरी तरह से बदल गई है।

'ख्याली पुलाव पकाना करें बंद'

बीजेपी पर बरसते हुए आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि देश की जनता के कंधे पर महंगाई एक बोझ की तरह है, जिसे 2024 में प्रवाहित कर देगी क्योंकि केंद्र में बैठी हुई सरकार कुछ नहीं कर रही है। अब वह जमाना नहीं है, जो सोच लेकर बीजेपी के लोग ख्याली पुलाव पका रहे हैं, वह सोच वह अपने मन में ही रखें। अब वो सब नहीं होने वाला है।

उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि मंच से सीएम नीतीश ने जो भी बातें कही हैं, वे निजी संबंधों को लेकर कही हैं। हमें नहीं लगता है कि कुछ ऐसी बातें उन्होंने कही हैं, जिससे भाजपा के लोगों को खुशी हो रही है। जो ऐसे ही खुश होना चाहते हैं उन्हें कौन रोक सकता है लेकिन इतना बात याद रखना चाहिए कि अब वह जमाना नहीं रह गया है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सब कुछ समझ रहे हैं।

"हमरा तो दोस्तिया कहियो खतम न होगा"

गौरतलब है कि मोतिहारी में आयोजित सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि जितने लोग हमारे हैं, सब साथी हैं। छोड़िए न भाई...हम अलग है ..आप अलग है..छोड़ों न एकरा से का मतलब है....हमरा तो दोस्तिया कहियो खतम न होगा। जबतक हम जीवित रहेंगे, आपलोगों से मेरा संबंध तो बना ही रहेगा। चिंता मत करिए।