पटना : बिहार सरकार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती को हर साल राजकीय समारोह के रूप में मनाने का बड़ा फैसला लिया है. सरकार के इस निर्णय के बाद लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा नेता नितिन नवीन का आभार व्यक्त किया है.

चिराग पासवान ने सोशल मीडिया के जरिए इस फैसले की जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि फोन कॉल के माध्यम से उन्हें सरकार के निर्णय की जानकारी दी गई. चिराग के मुताबिक,आगामी 5 जुलाई को रामविलास पासवान की जयंती राजकीय समारोह के रूप में आयोजित की जाएगी.

चिराग पासवान ने कहा कि यह फैसला सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं,बल्कि देश के करोड़ों शोषित,वंचित और जरूरतमंद लोगों के लिए भी भावुक और गर्व का क्षण है. उन्होंने इसे अपने पिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया.

चिराग ने रामविलास पासवान के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय,वंचितों की आवाज और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा. बिहार की धरती से निकलकर उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकार,सम्मान और अवसर के लिए लगातार संघर्ष किया.

चिराग ने यह भी कहा कि उनके पिता भले ही आज शारीरिक रूप से उनके बीच नहीं हैं,लेकिन उनकी विरासत,विचार और मूल्य हमेशा उनके साथ रहेंगे. उन्होंने रामविलास पासवान के अधूरे सपनों और विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-