रामगढ़:पुलिस को साइबर अपराध और अंतरराज्यीय अपहरण गिरोह में बड़ी सफलता हाथ लगी है. करोड़ों की साइबर ठगी और अपहरण कांड का मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है. केंद्र सरकार के“प्रतिबिम्ब ऐप”से प्राप्त सटीक तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है. जिससे करोड़ों की ठगी और अपहरण जैसे संगीन अपराध का खुलासा हुआ है. पुलिस उपाधीक्षक चन्दन कुमार वत्स और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. फिर तकनीकी शाखा की मदद से गोला थाना क्षेत्र के ग्राम हेरमदगा में छापेमारी कर मास्टरमाइंड सन्टु कुमार उर्फ सिन्दु उर्फ कुन्दन को दबोच लिया. पुलिस ने करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये के अवैध वसूली की पुष्टि की है.

साइबर अपराध का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 1 करोड़ 60 लाख रकम बरामद

पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल किया. उसने खुलासा करते हुए बताया कि वह खुद को बैंक का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों सेAPK फाइल इंस्टॉल करवाता था फिर उनके खातों से रकम उड़ा लिया करता था. तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन आईफोन समेत कुल छह मोबाइल, फर्जी सिम कार्ड, 4 लाख 43 हजार रुपये नगद और साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है.

यह गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों के व्यापारियों को बड़े सौदे के नाम पर बुलाकर अपहरण और ऑनलाइन वसूली करता था. इतना ही नहीं, एक अपहरण मामले में मारपीट के दौरान पीड़ित की मौत भी हो चुकी है, जिसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया था.

साइबर अपराध का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 1 करोड़ 60 लाख रकम बरामद

फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध गोला थाना में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. रामगढ़ पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

रामगढ़ से मुकेश सिंह की रिपोर्ट

साइबर अपराध का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 1 करोड़ 60 लाख रकम बरामद