रामगढ़ में एक करोड़ के जेवर लूट का खुलासा : 72 घंटे के अंदर 7 गिरफ्तार,जेवरात और हथियार बरामद
रामगढ़: रजरप्पा ज्वेलरी लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने महज 72 घंटे के अंदर पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है. 21 अप्रैल को हुई इस सनसनीखेज वारदात में शामिल सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. सभी आरोपियों को जेल बेज दिया गया है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सोने-चांदी के जेवरात, हथियार और वाहन भी बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस फरार मास्टरमाइंड की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
अपराधियों ने वारदात से पहले की थी रेकी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि अपराधियों ने वारदात से पहले रेकी की थी और सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया. उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.
दिनदहाड़े करीब एक करोड़ से अधिक की लूटपाट
21 अप्रैल को रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर स्थित ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े करीब एक करोड़ से अधिक के जेवरात लूट लिए थे. घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया.
सघन छापेमारी में मिली सफलता
एसआईटी ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए झारखंड के साथ-साथ बिहार में भी छापेमारी की. इस दौरान बिहार के हरनौत से 3, पलामू से 2 और रामगढ़ से 2 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.
अलग-अलग ठिकानों से जेवरात बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान अलग-अलग ठिकानों से कुल 180 प्रकार के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं. इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल पिस्टल, जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक कार भी जब्त की गई है.





