पूर्वी सिंहभूम में बाढ़ जैसे हालात : खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर,चांडिल डैम से भी छोड़ा गया पानी
सरायकेला: कोल्हान में लगातारहो रही बारिश और ओडिशा में भारी वर्षा के कारण पूर्वी सिंहभूम जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं.ओडिशामें लगातार बारिश के चलते बैंगबिल डैम खतरे के निशान को पार कर गया है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डैम के 2 फाटक खोल दिए गए हैं. डैम से पानी छोड़े जाने के बाद खरकई नदी खतरे के निशान से 2.75 मीटर ऊपर बह रही है.

इधर, चांडिल डैम की भी स्थिति को देखते हुए 7 रेडियल गेट खोल दिए गए हैं. डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नदी किनारे बसे इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है.लगातार बढ़ते पानी के कारण बागबेड़ा नया बस्ती के लगभग 300 घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के घरों में पानी भरने से लोग त्राहिमाम हैं.
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने का आदेश जारी कर दिया गया है. लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.वहीं, स्वयंसेवी संगठन प्रभावित परिवारों को खाना, पानी और जरूरी सामान उपलब्ध करा रहे हैं.





