पेंशन राशि से वंचित : झारखंड आंदोलनकारियों ने की पेंशन की मांग,जमशेदपुर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Edited By:  |
pension rashi se vanchit  andolankari pension rashi se vanchit  andolankari

जमशेदपुर: झारखंड आंदोलन से जुड़े सैकड़ों आंदोलनकारी इन दिनों पेंशन नहीं मिलने से परेशान हैं. अपनी मांगों को लेकर आंदोलनकारियों ने समाहरणालय पहुंचकर डीसी को ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की. जमशेदपुर में करीब 2200 झारखंड आंदोलनकारियों को अब तक न तो आंदोलनकारी का प्रमाण पत्र मिला है और न ही पेंशन योजना का लाभ मिल पा रहा है. इसे लेकर आंदोलनकारियों में भारी नाराजगी है.

इससे नाराज आंदोलनकारी अंचल कार्यालय के चक्कर काट काट कर थकने के बाद जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा. नाराज आंदोलनकारियों का कहना है कि जिले में कुल 2800 आंदोलनकारियों का नाम सूची में है, लेकिन अब तक केवल लगभग 400 लोगों को ही आंदोलनकारी प्रमाण पत्र जारी किया गया है. बाकी करीब 2200 आंदोलनकारी आज भी प्रमाण पत्र और पेंशन की राशि से वंचित हैं.

इस मामले पर आंदोलनकारी विश्वजीत प्रमाणिक ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को ही आज अपने हक के लिए कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ रहा है. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द सभी 2200 आंदोलनकारियों को चिन्हित कर उन्हें प्रमाण पत्र जारी किया जाए और आंदोलनकारी पेंशन योजना से जोड़कर पेंशन का लाभ दिया जाए.