पटना: जिले के दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज स्थित मिथिला कॉलोनी में मंगलवार शाम आपसी विवाद में सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां बिहार पुलिस के एक सिपाही ने अपनी शादीशुदा बहन की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक सिपाही की पहचान ओमचंद्र के रूप में हुई है। वह बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत था और वर्तमान में मोतिहारी में तैनात बताया जा रहा है। वहीं, गोली लगने से जान गंवाने वाली उसकी बहन की पहचान पार्वती कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पार्वती कुमारी शादीशुदा थी और अपने भाई के साथ ही रहती थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भाई और बहन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि ओमचंद्र ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से बहन पर गोली चला दी। गोली लगने से पार्वती कुमारी की मौत हो गई। इसके बाद ओमचंद्र ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की है। फिलहाल घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। आपसी विवाद की वजह से यह घटना होने की बात सामने आई है। वारदात के बाद मिथिला कॉलोनी में सनसनी फैल गई और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

