पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी JLKM : पलामू में संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने पर जोर
मेदिनीनगर: डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने प्रमंडलीय स्तर पर बैठक आयोजित कर संगठन विस्तार और आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की. बैठक में पार्टी को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया. नवनियुक्त प्रमंडलीय अध्यक्ष प्रभात सिन्हा, प्रमंडलीय प्रवक्ता आशुतोष तिवारी एवं जिला अध्यक्ष दिलीप मेहता ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि पलामू, गढ़वा और लातेहार जिले में JLKM अपने समर्थित प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारेगी.
पार्टी नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर टाइगर जयराम महतो की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा. बैठक में संगठन विस्तार, बूथ एवं पंचायत स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई.





