पलामू में मॉब लिंचिंग : बैटरी चोर बताकर युवक की पीट-पीटकर हत्या,प्रेमिका से मिलना पड़ा महंगा
पलामू: जिले में मॉब लिंचिंग की सनसनीखेज घटना हुई है.पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में भीड़ ने पवन कुमार नाम के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी है. मृतक पवन कुमार पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा गांव का रहने वाला था. बैटरी चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने पकड़कर पहले बंधक बनाया फिर बेरहमी से पिटाई कर दी. हालांकि, अब मामले में नया मोड़ सामने आया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार पवन कुमार तेलियाही गांव में एक लड़की से मिलने गया था. इस दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया और बैटरी चोर बताकर ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर हत्या कर दी गई.
सूचना मिलने पर पड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में पवन को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया. लेकिन, अस्पताल ले जाने के दौरान ही उसकी हालत बिगड़ गई और मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कोकरसा गांव में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. डीएसपी राजेश यादव समेत कई वरीय अधिकारी कैंप कर रहे हैं.
पलामू एसपीरिष्मा रमेशन ने बताया कि मॉब लिंचिंग की धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी. एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और अन्य की पहचान की जा रही है. दंडाधिकारी की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई जा रही है. मृतक पवन कुमार दलित समुदाय से था, जिस कारण मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है.
वहीं, इस घटना पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इलाके में स्थिति पर नजर बनाए हुए है.





