पलामू में बंद का व्यापक असर : छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में टायर जलाकर हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी
पलामू: JPSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और छात्रों पर की गई पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड में राजनीतिक विरोध लगातार तेज हो गया है. छात्रों के आंदोलन और सरकार के खिलाफ बढ़ते आक्रोश के बीच बीजेपी समेत अन्य विपक्षी दलों ने झारखंड बंद का आह्वान किया है. बंद का असर पलामू जिले में भी व्यापक रूप से देखने को मिल रहा. मेदिनीनगर शहर में बीजेपी जिलाध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे. कार्यकर्ताओं ने छहमुहान चौक और रेडमा चौक पर प्रदर्शन करते हुए हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला और टायर जलाकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.इस दौरान सड़क जाम कर सरकार की नीतियों और छात्रों के आंदोलन से निपटने के तरीके पर सवाल उठाए गए. बंद के दौरान मेदिनीनगर शहर में छोटी-बड़ी वाहनों का परिचालन प्रभावित रहा. हालांकि,दूध के वाहनों और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं के परिचालन को बंद से बाहर रखा गया,जिससे जरूरी सेवाएं सुचारू रूप से चलती रही.
बीजेपी नेताओं का कहना है कि छात्रों की मांगों और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता को लेकर सरकार को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए. वहीं,छात्रों पर लाठीचार्ज के मामले को लेकर भी विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है. झारखंड बंद के दौरान पलामू में हुए प्रदर्शन ने एक बार फिर छात्रों के मुद्दें और परीक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद को चर्चा के केंद्र में ला दिया है.





