Hindi News / बीएनएस से साइबर क्राइम तक छात्रों को किया जागरूक

पलामू के रतनाग स्कूल में लगी ‘कानून की पाठशाला’ : बीएनएस से साइबर क्राइम तक छात्रों को किया जागरूक

Edited By:  |
palamu k ratnag school mein lagi kanoon ki pathsala palamu k ratnag school mein lagi kanoon ki pathsala

पलामू: जिले के पांडु थाना क्षेत्र अंतर्गत पीएम श्री राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय,रतनाग में मंगलवार को कानून जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.इस दौरान पांडु थाना प्रभारी विगेश कुमार राय ने छात्र-छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी और उन्हें कानून के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया.

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, डायन कुप्रथा की रोकथाम तथा आपात स्थिति में डायल 112 के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई. थाना प्रभारी ने छात्रों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें,संदिग्ध संदेशों का जवाब देने से बचे और अपना ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें. उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 के माध्यम से पुलिस की सहायता ली जा सकती है. साथ ही विद्यार्थियों को डायन कुप्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने,कानून का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया.

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने कानून एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की. विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कानून,साइबर सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति सजग एवं जागरूक बनाना था. मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दिलीप कुमार,शिक्षक उपेंद्र कुमार,मोहम्मद महताब आलम, आरिफ हुसैन, फहीमुद्दीन अंसारी, लिपिक इमरान जाहिद, नरेश शर्मा, शैलेंद्र पाठक, गिरीश पांडेय और शहजाद आलम समेत पांडु थाना के पुलिसकर्मी मौजूद रहे.