Hindi News / इलाज के दौरान मासूम की बिगड़ी हालत,हुई मौत,लापरवाही का आरोप

पलामू के निजी क्लीनिक पर उठे सवाल : इलाज के दौरान मासूम की बिगड़ी हालत,हुई मौत,लापरवाही का आरोप

Edited By:  |
palamu k niji clinic par uthe sawal palamu k niji clinic par uthe sawal

पलामू: जिले के पांकी से दर्दनाक खबर सामने आई है,जहां एक सात वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई. पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. मृतक की पहचान पांकी बस्ती निवासी हर्ष कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार,बच्चे को पेट दर्द की शिकायत होने पर पहले पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया,जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. फिरबच्चे को गजबोर स्थित एक निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे,जहां इलाज के दौरान बच्चे की तबीयत लगातार बिगड़ती रही. हालत गंभीर होने पर उसे मेदिनीनगर ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही बच्चे की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने निजी क्लीनिक की लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि समय पर विशेषज्ञ इलाज मिलता तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी.

वहीं, क्लीनिक संचालक डॉ. वीरेंद्र कुमार ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उपचार के बाद बच्चे की स्थिति सामान्य थी, इसलिए उसे घर भेज दिया गया था. अगले दिन भी बच्चे का इलाज किया गया, लेकिन बाद में उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है.

इस घटना के बाद निजी क्लीनिक के संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संबंधित चिकित्सक की सरकारी तैनाती चतरा जिले में है,तो पांकी स्थित निजी क्लीनिक का संचालन किस प्रकार किया जा रहा और मरीजों का इलाज नियमित रूप से कौन कर रहा था. हालांकि, इस संबंध में अब तक किसी प्रशासनिक अधिकारी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद ने कहा है कि यदि परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है तो मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.