मुजफ्फरपुर में रामदयालुनगर रेलखंड स्थित समपार संख्या-07 स्पेशल यानी रामदयालु रेलवे गुमटी तीन रातों के लिए बंद रहेगी। रेलपथ की मरम्मत, स्लीपर बदलने और ओवरहालिंग के कार्य के कारण यहां सड़क यातायात पर रोक लगाई गई है।

रेल प्रशासन के अनुसार 30 सितंबर से 1 अक्टूबर, 1 से 2 अक्टूबर और 2 से 3 अक्टूबर की रात रामदयालु गुमटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान रामदयालु की ओर से शहर में आने-जाने वाले वाहनों को दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।

वाहन चालक इस अवधि में खबड़ा रेल फाटक, मझौलिया रेल फाटक और गोबरसही रेल फाटक के रास्ते शहर में प्रवेश या बाहर निकल सकेंगे। रात के समय इन वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है, इसलिए लोगों को यात्रा से पहले अपने मार्ग की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

रेल प्रशासन के मुताबिक समपार संख्या-07 पर रेलपथ की मरम्मत और स्लीपर बदलने का काम सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है। काम के दौरान समपार संख्या-06 स्पेशल को भी आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग के तौर पर तैयार रखा जाएगा।

गुमटी बंद रहने के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती का अनुरोध किया गया है। प्रशासन की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे रात में रामदयालु, भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों से आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।इस व्यवस्था से रात के समय रामदयालु गुमटी के आसपास यातायात प्रभावित रहेगा।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट