मुजफ्फरपुर : प्रदेश कमाने गए युवक की संदिग्ध मौत,परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मुजफ्फरपुर:मोतीपुर थाना क्षेत्र के बथना गांव निवासी एक युवक की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान देवेंद्र साहनी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि देवेंद्र कुछ दिन पहले ही मजदूरी करने के लिए गुजरात के साबरमती गए थे.
परिजनों के अनुसार,साबरमती रेलवे स्टेशन के पास बिजली के खंभे में फंदे से उनका शव लटका हुआ मिला.घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। हालांकि, परिवार के लोगों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है.
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही ठेकेदार कुंदन और चंचल भगत देवेंद्र को मजदूरी कराने के लिए गुजरात लेकर गए थे. आरोप है कि एडवांस के पैसे को लेकर देवेंद्र पर दबाव बनाया जा रहा था. इसी विवाद में परिजनों ने दोनों पर हत्या की आशंका जताई है
देवेंद्र का शव जब गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई. मृतक अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चों समेत परिवार को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार के सामने अब बच्चों के भरण-पोषण की भी बड़ी चिंता खड़ी हो गई है. परिजन मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की असली वजह सामने लाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.





