मुंगेर में सम्राट चौधरी ने निकाली तिरंगा यात्रा : 'भारत माता की जय' के नारों के साथ गूंजा पूरा शहर,देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया
मुंगेर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम के तहत तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर पहुंचे. उनके आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह चरम पर पहुंच गया. हाथों में तिरंगा झंडा और जुबां पर 'भारत माता की जय' के नारों के साथ पूरा खड़गपुर शहर देशभक्ति के रंग में पूरी तरह रंगा हुआ नजर आया.तिरंगा यात्रा के दौरान हवेली खड़गपुर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला.
मुख्यमंत्री के पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं, NDA समर्थकों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला. खड़गपुर की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए. बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मुख्यमंत्री के स्वागत और तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए जुटने लगे थे. तिरंगा यात्रा शहर की प्रमुख सड़कों से होकर गुजरी. यात्रा के पूरे मार्ग पर तिरंगा प्रमुखता से नजर आया. स्थानीय युवाओं और लोगों की बड़ी भागीदारी से माहौल देशभक्ति और उत्साह से भर गया. कार्यक्रम में सत्तारूढ़ गठबंधन के कई प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए.
मुख्यमंत्री की मौजूदगी और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए. तिरंगा यात्रा के रास्ते में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई.पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने का काम किया.





