मुंगेर पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई : अवैध हथियार कारोबार का भंडाफोड़,तीन तस्कर गिरफ्तार
मुंगेर:मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाकरपुर गांव में पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार कारोबार का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी में पुलिस ने हथियार तस्कर के घर से पिस्टल, 120 जिंदा कारतूस और साढ़े चार लाख नगद बरामद किये हैं. इस मामले में तीन हथियार तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब इस अवैध हथियार नेटवर्क और गोली सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है.
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाकरपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला पुलिस और एसटीएफ की टीम ने हथियार तस्कर मो. शहिल मल्लिक के घर पर संयुक्त छापेमारी करने पहुंची.
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शाहिल अपने घर पर अवैध हथियार और कारतूस छिपाकर रखा है. सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर पूरे घर की घेराबंदी की गई. छापेमारी के दौरान घर के आंगन में खड़ी बाइक के टूल बॉक्स से मैगजीन सहित दो पिस्टल बरामद किये गये. वहीं, बेडरूम में रखे डेस्क की दराज से 90 जिंदा कारतूस और 8 बट प्लेट मिले.
पुलिस ने जब घर के बाहर खड़ी कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड से 30 और जिंदा कारतूस के साथ 4 लाख 50 हजार रुपये नगद बरामद हुआ. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. शाहिल मल्लिक के साथ मो. आजाद और गोपाल दास को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सभी ने हथियार और कारतूस कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
पुलिस का दावा है कि इस गिरोह के जरिए अवैध हथियार और गोली सप्लाई का बड़ा नेटवर्क संचालित हो रहा था. फिलहाल पुलिस पूरे सप्लाई चेन और इसके पीछे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है.





