एंकर- गुजरात के मोरबी में बड़ा हादसा हुआ है. छठ की तीसरे दिन केबल का पुल टूटकर नदी में गिर गया. हादसे में करीब 400 से ज्यादा लोग नदी में गिर गए हैं. बताया जा रहा है कि हादसे में अभीतक करीब 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी है. माच्छू नदी पर नवनिर्मित केबल पुल तीन दिन पहले खोला गया था. हादसे के वक्त पुल पर करीब500लोग मौजूद थे. ये सभी छठ का त्योहार मना रहे थे. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई हैं,बचाव कार्य जारी है.

हादसे की जानकारी जैसे ही पीएम मोदी को लगी उन्होंने तुरंत ट्वीट कर दुख जाहिर करते हुए गुजरात के सीएम और अन्य अधिकारियों ने मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में बात की है. उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने के निर्देश दिए. उन्होंने स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने को कहा है.

साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वालों में से प्रत्येक के परिजनों के लिए पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये अनुग्रह राशि की घोषणा की है. गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने भी राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने का एलान किया है.


इस हादसे पर गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने ट्वीट करके दुख जताया है. उन्होंने लिखा कि, "मोरबी में केबल पुल गिरने के हादसे से मुझे गहरा दुख हुआ है. प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है. प्रशासन को घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. मैं इस संबंध में जिला प्रशासन से लगातार संपर्क में हूं."

उधर एनडीआरएफ के निदेशक अतुल करवाल ने बताया किNDRFकी तीन टीमें मोरबी के लिए रवाना हुई हैं. गांधीनगर और वड़ोदरा से तीन टीमें रवाना की गई हैं. बताया जा रहा है कि मोरबी के इस झूलते पुल को नगरपालिका से फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिला था,लेकिन फिर भी पुल चालू कर दिया गया.

घटना पर दुख जताते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट किया कि, "गुजरात से बेहद दुःखद खबर मिल रही है. मोरबी में ब्रिज टूट जाने से कई लोगों के नदी में गिर जाने की खबर है. भगवान से उनकी जान और स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं."