लालू प्रसाद के बयान पर भड़कीं मंत्री लेसी सिंह : कहा : महिलाएं आंख सेंकने की वस्तु नहीं...बिहार की प्रगति की हैं सारथी

Edited By:  |
Reported By:
 Minister Lacey Singh angry over Lalu Prasad statement  Minister Lacey Singh angry over Lalu Prasad statement

PATNA : आरजेडी सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर महिलाओं को लेकर अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के बाद बिहार जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय में जनसुवाई कार्यक्रम के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है |

मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि लालू यादव हमेशा महिलाओं को अपमानित व लज्जित करते रहते हैं। महिलाओं को अपमानित करने का लालू यादव के संस्कार और राजद पार्टी का पुराना नाता रहा है। लालू यादव के बयान से राजद का महिला विरोधी असली संस्कार और चेहरा उजागर हुआ है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले प्रदेश की महिलाएं लालू यादव के जंगलराज की भुक्तभोगी रही हैं। उनके शासन में महिलाओं की क्या स्थिति थी, वह किसी से छिपी नहीं है। उस समय महिलाओं और बेटियों के लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल था। मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि लालू यादव और उनकी पार्टी आरजेडी हमेशा से महिला विरोधी कार्यों में संलिप्त रही है। आज उनको इस बात से दर्द हो रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की आधी आबादी सशक्त हो रही है। वो खुलकर उनसे और उनकी पार्टी से 'लालू जी के जंगलराज' पर सवाल पूछ रही है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नौकरी में 35% और पंचायती तथा नगर निकाय चुनाव में 50% आरक्षण देकर महिलाओं को संबल प्रदान किया है। बिहार की महिलाएं स्वरोजगार से लेकर विभिन्न उच्च पदों पर बिहार का नाम रोशन कर रही हैं। बिहार की महिलाओं का विकास देख उन्हें आंख सेंकने की वस्तु समझने वाले लोगों की तड़प और उनका दर्द समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह बात स्वाभाविक है कि लालू यादव और उनकी पार्टी के लोगों को तकलीफ होनी है। महिला विरोधी लालू यादव के घटिया बयान की मैं कड़ी शब्दों में निंदा करती हूं।