मधेपुरा में अपराधी बेखौफ : बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लूटे 5 लाख नकद और लाखों के जेवरात
मधेपुरा: बड़ी खबरमधेपुरा से है जहां भर्राही थाना क्षेत्र के महेशुआ पंचायत के ब्रह्मोत्तर वार्ड 8 में बुधवार अहले सुबह बेखौफ हथियारबंद अपराधियों ने बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया है. घटना से इलाके में दहशत का माहौल है.
घटना के संबंध में पीड़ित गृहस्वामी तेजनारायण गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा बाहर रहता है और वो घर के दरवाजे पर किराना दुकान चलाते हैं. देर रात घर के पीछे की ओर से करीब छह नकाबपोश बदमाश घुस आए. सभी अपराधी हथियार से लैस थे. बदमाशों ने दंपती को हथियार सटाकर कब्जे में ले लिया और घर में रखे करीब 5 लाख रुपये नकद तथा लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूटे. वारदात के दौरान अपराधियों ने पूरे घर की तलाशी ली और आराम से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही भर्राही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. मामले को लेकर एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. एफएसएल और डीआईयू की टीम भी साक्ष्य संकलन में जुटी है. पुलिस ने जल्द ही मामले के उद्भेदन का दावा किया है.
मधेपुरा से राजीव रंजन की रिपोर्ट-





