एलपीजी संकट : चतरा में गैस एजेंसी पर धोखाधड़ी का आरोप,उपभोक्ता और कर्मचारी में मारपीट
चतरा:ईरान युद्ध और वैश्विक कारणों के बाद देशभर में एलपीजी गैस संकट गहराता जा रहा है. एक तरफ लोग गैस के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ गैस एजेंसी और कर्मचारी अपनी तिजोरी भरने में लगे हैं. जिला प्रशासन के सख्ती के बाबजूद गैस एजेंसी अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा मामला चतरा जिले के हंटरगंज का है. जहां प्रतापपुर इंद्रप्रस्थ एचपी गैस एजेंसी पर बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगा है. गैस सिलेंडर को लेकर ग्राहकों और कर्मचारी के बीच मारपीट से हड़कंप मच गया है, हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ.
उपभोक्ताओं ने लगाया गुमराह करने का आरोप
दरअसल, उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें महीनों से सिलेंडर नहीं मिला है, फिर भी उनके नाम पर बिना ओटीपी के सिलेंडर बुक हो रहे हैं. उपभोक्ताओं ने बताया कि कई लोग छह महीने से तो कई ने एक साल से गैस सिलेंडर नहीं लिया है. इसके बावजूद उनके खाते में सिलेंडर की बुकिंग दर्ज हो रही है,जिससे सब्सिडी का लाभ भी उन्हें नहीं मिल पा रहा है.
एजेंसी संचालक ने आरोप को बताया निराधार
जबकि, कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग किया गया है, लेकिन बिना ओटीपी बताए ही सिलेंडर गायब हो गया. पूछे जाने पर एजेंसी संचालक ने बताया कि आपकी गैस डिलीवर हो चुकी है. उनका आरोप है कि गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने मिलीभगत कर उनके नाम पर गैस की कालाबाजारी की है और उन्हें जानबूझकर गुमराह किया जा रहा. हालांकि, गैस एजेंसी संचालक कपिल पासवान ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि ओटीपी के माध्यम से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिल रही है. उपभोक्ताओं के साथ हाथापाई की जानकारी मुझे नहीं है.
दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
आरोप है कि एजेंसी मालिक बड़े पैमाने पर घपला और कालाबाजारी कर रहे हैं, जबकि सरकार और जिला प्रशासन सिलेंडर की कोई कमी न होने का दावा करती है. उन्होंने प्रशासन से मामले की एजेंसी की निष्पक्ष गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है,ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.





