Hindi News / कोडरमा के मरकच्चो में गैस की किल्लत पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, मुख्य...

एलपीजी संकट : कोडरमा के मरकच्चो में गैस की किल्लत पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, मुख्य मार्ग किया जाम

Edited By:  |
lpg sankat lpg sankat

कोडरमा: देशभर में एलपीजी किल्लत का मामला नहीं थम रहा है.गैस की किल्लत की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसी कड़ी मेंजिले के मरकच्चो प्रखण्ड में इंडेन गैस की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा. गैस सिलेंडर की आपूर्ति में लगातार हो रही देरी और बढ़ती परेशानी से नाराज होकर लोगों ने एजेंसी के पास मरकच्चो-बरियाडीह मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर दिया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार कई दिनों से गैस नहीं मिलने के कारण उपभोक्ता काफी परेशान थे. लोगों का कहना है कि समय पर एलपीजी नहीं मिलने पर घरों में खाना बनाने की समस्या से जूझना पड़ रहा है. बार-बार एजेंसी का चक्कर लगाने के बावजूद भी समाधान नहीं मिलने पर आखिरकार लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया.

सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों ओर घंटों वाहनों की लंबी कतार लग गई. जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. स्थानीय लोगों ने गैस संचालक पर आरोप लगाया है कि बुक होने के बाद बिना गैस डिलीवर किए ही फोन पर गैस मिलने के मैसेज दिखाए गए.संचालक से पूछे जाने पर उपभोक्ताओं को गलत जानकारी दी जाती है.

उपभोक्ताओं ने प्रशासन से जल्द से जल्द गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने और एजेंसी की कार्यशैली में सुधार की मांग की है. प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद ही लोगों ने जाम हटाया.