लोहरदगा:-लोहरदगा जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह सूरज के निकलते ही गर्मी अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दे रही है। गर्मी और तीखी धूप को देखते हुए लोग घर में ही रहना पसंद कर रहे हैं। वहीं आवश्यक कार्य के लिए ही घर से बाहर निकल रहे हैं। इस कारण सड़क पर ज्यादातर समय सन्नाटा पसरा रह रहा है। वहीं गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया है। इधर गर्मी के बढ़ते ही टोपी,तौलिया,छाता के साथ शीतल पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। गर्मी को लेकर लोगों को देशी पेय पदार्थ अपनी ओर अधिक आकर्षित कर रही है। वहीं जिले के विभिन्न क्षेत्र में गन्ने का रस,सत्तू,आम का रस,नींबू पानी,बेल का शरबत आदि देशी पेय पदार्थों का ठेला और अस्थाई दुकान सज चुका है। जहां लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। वहीं दूर दराज से सफर कर आने वाले राहगीर भी देशी पेय पदार्थ का अधिक आनंद ले रहे हैं। वहीं बुधवार का अधिकतम तापमान38डिग्री और न्यूनतम तापमान22डिग्री दर्ज किया गया हैं

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार लोहरदगा के द्वारा जनहित में जारी किया एडवाइजरी।साधारण सावधानियों से अपने आपको सुरक्षित रखें।

लू खतरनाक साबित हो सकता है। इसके प्रभाव को कम करने तथा रोकथाम के लिए निम्नलिखित सावधानियां बरतें:-

जहां तक संभाव हो,कड़ी धूप में बाहर न निकलें।

जितनी बार हो सके पानी पियें। सफर में आपने साथ पीने का पानी अवश्य रखें।

जब भी बाहर धूप में जायें,हल्के रंग के और ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें,धूप के चश्मे का इस्तेमाल करें,गमछे या टोपी से अपने सिर को ढकें और हमेशा जूते या चप्पल पहनें।

अधिक तापमान में कठिन काम ना करें। जहां तक संभव हो,कड़ी धूप में बाहर के काम से बचें।

अगर आपका काम बाहर का है तो टोपी,गमछा या छाते का इस्तेमाल जरूर करें और गीले कपड़े को अपने चेहरे,सिर या गर्दन पर कुछ समय के लिए रखें।

हल्का भोजन करें। अधिक पानी की मात्रा वाले फल जैसे;तरबूज,प्याज,खीरा,नींबू,संतरा आदि का सेवन करें तथा ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन का सेवन ना करें,जैसे-माँस व मेवे,जो शारीरिक तापमान को बढ़ाते हैं।

घर में बना पेजयल जैसे;लस्सी,नमक-चीनी का घोल,छाछ,नींबू-पानी,आम का अमझोरा इत्यादि का नियमित सेवन करें।

बच्चों और पालतू जानवरों को पार्क किये हुए वाहनों में अकेला ना छोड़ें।

जनवरों को छांव में रखें और उन्हें खूब पानी पीने को दें।

अपने घर को ठंडा रखें। पर्दे,शटर आदि का प्रयोग करें। रात में खिड़कियां खुली रखें।

स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान और आगामी तापमान में परिवर्तन के बारे जानकारी रखें तथा सतर्क रहें।

अगर आपकी तबीयत ठीक ना लगे या चक्कर आए तो तुरंत डाॅक्टर से संपर्क करें। साथ ही उसके मार्गदर्शन का पालन करें।

लू लगने पर क्या करें:-

लू लगे व्यक्ति को छाँव में लिटा दें। अगर तंग कपड़े हों तो उन्हें ढीला कर दें अथवा हटा दें।

ठंडे गीले कपड़े से शरीर पोछें या ठंडे पानी से नहलायें।

व्यक्ति को ओ०आर०एस०/नींबू-पानी/नमक-चीनी का घोल पीने को दें जो कि शरीर में जल की मात्रा को बढ़ा सकें।

यदि व्यक्ति पानी की उल्टियां करें या बेहोश हो,तो उसे कुछ भी खाने या पीने को ना दें।

लू लगे व्यक्ति की हालत में एक घंटे तक सुधार ना हो तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाएं।