'बिहार के विकास को मिली नई रफ्तार' : लोजपा (रामविलास) ने बजट को दिया ऐतिहासिक करार, BPSC परीक्षा को लेकर भी किया रूख स्पष्ट
PATNA : केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को लेकर लोजपा (रामविलास) ने गहरी संतुष्टि जाहिर की है। पार्टी ने विशेष रूप से बिहार के लिए घोषित सौगात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि "यह बजट बिहार के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।" खासतौर पर किसान, कोसी और मिथिला क्षेत्र के लिए दी गई सौगात को लेकर लोजपा (रामविलास) गदगद नजर आ रही है।
बूथ स्तर पर जुटे कार्यकर्ता
लोजपा (रामविलास) के सभी पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को संगठित करने में जुटे हैं। पार्टी की ओर से कहा गया कि इस बार की लहर में "विपक्ष का नामो-निशान मिट जाएगा।" कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है और महाजुटान अभियान के तहत पार्टी जमीनी स्तर पर मजबूती से काम कर रही है।
प्रधानमंत्री की कार्यशैली को सराहना
लोजपा (रामविलास) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के विकास को प्राथमिकता देते हैं। "वे सिर्फ शिलान्यास ही नहीं करते बल्कि उद्घाटन भी सुनिश्चित करते हैं, जिससे विकास को गति मिलती है।"
चिराग पासवान पर आरोप बेबुनियाद
पार्टी ने चिराग पासवान पर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। लोजपा (रामविलास) ने स्पष्ट किया कि "ED एक स्वतंत्र संस्था है, जो किसी के इशारे पर काम नहीं करती।"
बीपीएससी परीक्षा पर लोजपा (रामविलास) का रुख स्पष्ट
पार्टी ने छात्रों के हितों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। लोजपा (रामविलास) ने कहा कि अगर बीपीएससी में किसी तरह की अनियमितता हुई है तो इसे नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। "हम चाहते हैं कि छात्रों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ न हो।"
नीतीश कुमार पर विपक्ष की नजर
पार्टी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग आज नीतीश कुमार पर सवाल उठा रहे हैं, "वे सिर्फ इस इंतजार में हैं कि कब वे फिर से गठबंधन में आ जाएं।" लोजपा (रामविलास) ने इसे विपक्ष की रणनीति का हिस्सा बताया और इसे जनता के बीच बेनकाब करने की बात कही।