क्रिस गेल से भी तेज निकला अपना बिहारी : ईशान किशन ने सहवाग को भी पीछे छोड़ा, बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड

Edited By:  |
krish gail se bhi tej nikla apna bihari ishan kishan ne sahwag ko bhi piche chora krish gail se bhi tej nikla apna bihari ishan kishan ne sahwag ko bhi piche chora

PATNA :बिहारी छोरे ईशान किशन ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपनी आतिशी पारी से वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल को भी काफी पीछे छोड़ दिया है। वहीं अपने देश के 'मुल्तान के सुल्तान' वीरेन्द्र सहवाग जो अपनी धुंआधार पारियों के लिए जाने जाते हैं उन्हें भी पीछे छोड़ दिया है। बंगलादेश के चिटगांव के जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में ईशान किशन ने रनों का तूफान ला दिया जिसमें सारे रिकार्ड बह गये।

ईशान किशन वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। यह उनके करियर का पहला शतक भी है। किशन ने चिटगांव में अपनी पारी के दौरान कई रिकॉर्ड तोड़े। उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। किशन 131 गेंद पर 210 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 24 चौके और 10 छक्के जमाए।

ईशान किशन ने 126 गेंद पर अपना दोहरा शतक लगाया। क्रिस गेल की बात करें तो उन्होंने 2015 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 215 रन की पारी खेली थी। गेल ने ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में 138 गेंद पर दोहरा शतक लगाया था। किशन ने भारत के लिए वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा ने दोहरा शतक लगाया था।

ईशान किशन दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के सातवें बल्लेबाज बन गये हैं। यह वनडे का नौवां दोहरा शतक है। रोहित शर्मा एक से ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने तीन बार ऐसा किया है।ईशान किशन बांग्लादेश के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। सहवाग ने 2011 के विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ 175 रनों की पारी खेली थी।


Copy