कोडरमा में कांवरियों से भरी बस ट्रक में मारी टक्कर : हादसे में एक बच्चे की मौत 12 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल
कोडरमा:जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र अंतर्गत देवघर-नवादा मुख्य मार्ग के पोखरडीहा मोड़ के पास कांवरियों से भरी बस ने ट्रक को पीछे से टक़्कर मार दी. इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई है. जबकि,एक दर्जन से अधिक कांवरियागंभीर रूप से घायल हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार,करीब चार दिन पहले नेपाल से देवघर गई कांवरियों से भरी बस शुक्रवार की अहले सुबह देवघर से वापस नेपाल के लिए निकली थी. इसी क्रम में बस जब सतगांवां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास पहुंची तो सामने से जा रही एक ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी,जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं. बस में सवार सभी कांवरिया उसी में फंस गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए. जिसने भी यह नजारा देखा उसकी रूह कांप उठी और वे लोग बिना विलंब किए राहत बचाव कार्य में जुट गए.
इधर,घटना की सूचना मिलते ही सतगावां पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे कांवरियों को बचाने में जुट गई. घंटे चले इस राहत वह बचाव कार्य के बाद कांवरियों को सकुशल बस से बाहर निकाला जा सका.





