कोडरमा : बड़ी खबर कोडरमा से जहां परसाबाद में हावड़ा-नई दिल्ली ग्रैंड कोड सेक्शन पर ओवरहेड तार गिरने से बड़ा हादसा हो गया. घटना में दो व्यक्तियों की मौत हो गई.


परसाबाद स्टेशन के पास रेलवे की ओवरहेड तार गिरने से 2 लोगों की मौतघटना उस वक्त घटी जब 12801 अप पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पुरी से नई दिल्ली जा रही थी. तभी कोडरमा के परसाबाद स्टेशन के पास रेलवे की ओवरहेड तार पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के ऊपर गिर गई. घटना के दौरान रेलवे के पोल का एक हिस्सा पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के जनरल बोगी में सफर कर रहे एक यात्री को लगा, जिससे उसकी मौत हो गई. वहीं करंट के झटके से परसाबाद स्टेशन पर काम कर रहे तीन-चार मजदूरों को भी झटके लगे. इसमें एक मजदूर की गंभीर स्थिति देखते हुए उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.


परसाबाद स्टेशन के पास रेलवे की ओवरहेड तार गिरने से 2 लोगों की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रेल इंजन को ओवरहेड तार से जोड़ने वाले उपकरण में कुछ खराबी के कारण तार उसमें फंस गया, जो पुरूषोत्तम एक्सप्रेस के ऊपर गिर गया. इस घटना में गया निवासी यात्री संजय मांझी और मजदूर छवि शेख की मौत हो गई. फिलहाल इस घटना के कारण पुरुषोत्तम एक्सप्रेस परसाबाद स्टेशन पर ही खड़ी है, जबकि सियालदह दुरंतो एक्सप्रेस मेन लाइन खाली नहीं होने की वजह से कोडरमा में पिछले 3 घंटे से खड़ी है.