झारखंड विधानसभा : सदन में गूंजा संघरी घाटी का मुद्दा,जनार्दन पासवान ने की पुल निर्माण की मांग
चतरा: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में विधायक जनार्दन पासवानसंघरी घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाया. इसी गंभीर समस्या को देखते हुए विधायक ने घाटी की सड़क को ऊंचा करते हुए वहां पुल निर्माण कराने की मांग की है. उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया है और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग को पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है.
संघरी घाटीमुख्य मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है
सदन में विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि संघरी घाटी चतरा-गया मुख्य मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है. जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन घाटी की सड़क संकरी और नीची होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. कई बार वाहनों के पलटने, टकराने और जानमाल के नुकसान की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता है. उन्होंने कहा कि घाटी क्षेत्र में सड़क को ऊंचा कर सुरक्षित बनाना जरूरी है. साथ ही एक मजबूत पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि पानी निकासी और यातायात दोनों सुचारू रूप से चल सके.
एनएच विभाग ने दिया आश्वासन
विधायक ने बताया कि इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से पत्राचार किया गया है. जिसके बाद विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही इस योजना के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. डीपीआर बनने के बाद परियोजना को स्वीकृति दिलाने की दिशा में आगे का काम किया जाएगा.
स्थानीय लोगों नेजताया आभार
इधर, स्थानीय लोगों ने भी विधायक की पहल का स्वागत किया है. उनका कहना है कि यदि घाटी क्षेत्र में सड़क का सुधार और पुल निर्माण होता है तो लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर काफी हद तक रोक लग सकेगी और चतरा-गया मार्ग पर आवागमन और अधिक सुरक्षित हो जाएगी.





