श्रीमद्भागवत कथा के पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रामगढ़ के जिमखाना क्लब रिसोर्ट में आगामी 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन स्वर्गीय रामचंद्र रूंगटा जी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।आयोजन का शुभारंभ 4 अक्टूबर, रविवार को प्रातः 10 बजे भव्य मंगल कलश शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा का संचालन रामगढ़ मारवाड़ी युवा मंच एवं रामगढ़ मेल चेतना समिति के द्वारा किया जाएगा.इसके पश्चात प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 7 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। प्रथम दिवस श्रीमद्भागवत महात्म्य एवं मंगलाचरण के साथ कथा का शुभारंभ होगा। सात दिवसीय इस आध्यात्मिक आयोजन में श्रीधाम वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथाव्यास एवं भागवत मर्मज्ञ पूज्य आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज अपने श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के दासत्व, भोग एवं सेवा अधिकारी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं तथा श्रीमद्भागवत कथा के श्रेष्ठ एवं प्रसिद्ध वक्ताओं में उनकी विशेष प्रतिष्ठा है।
कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान, सदाचार, सेवा, प्रेम एवं मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्राप्त होगी। भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेश और जीवन के मूल्यों पर आधारित कथा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक एवं आत्मिक आनंद का अवसर बनेगी। आयोजन समिति के अनुसार, श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और मानवीय मूल्यों से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। सात दिनों तक कथा स्थल पर भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालु कथा श्रवण कर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा प्राप्त करेंगे।
आयोजन समिति की ओर से श्रीमती माया रूंगटा ने रांची, रामगढ़ सहित पूरे झारखंड के श्रद्धालु भक्तों से इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया भागवत कथा आयोजन में शामिल होने के लिए पास की आवश्यकता नहीं है । पहले आवे और आगे बैठे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सपरिवार , इस्टमित्रो के साथ कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा के अमृतमय वचनों का श्रवण करने तथा आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
आयोजन समिति ने बताया कि कथा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।रामगढ़ की कई धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं सहित कई धर्म प्रेमियों, अतिविशिष्ट ब्यक्तियो के साथ कथा के सफल आयोजन के लिए बैठक की गई साथ ही सभी का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।
