गोलमुरी थाना क्षेत्र के कालीमाटी रोड स्थित हावड़ा ब्रिज के पास एक पेट्रोल पंप पर हुए भीषण हादसे में एक युवक की जान चली गई है।घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है। कालीमाटी रोड पर स्थित आरके जैन भारत पेट्रोलियम के सीएनजी पेट्रोल पंप पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक सीएनजी सिलेंडर का पाइप तेज धमाके के साथ फट गया।धमाका इतना जोरदार था कि पंप पर भारी गैस का तीव्र रिसाव शुरू हो गया। इस हादसे की चपेट में आने से पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान सोनारी के रहने वाले तुषार कुमार के रूप में हुई है, जो इस दुर्घटना में बुरी तरह जख्मी हो गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों और साथियों के मुताबिक, तुषार अपनी नाइट ड्यूटी पर आया था और वाहनों में सीएनजी गैस भरने का काम संभाल रहा था। ड्यूटी पर आते ही उसने एक कार में गैस डालनी शुरू की, तभी यह भयानक हादसा हो गया। पाइप फटने के बाद नोजल अलग होकर सीधे तुषार के सिर पर जा लगा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बिना देर किए गजब की तत्परता दिखाई और तुषार को तुरंत इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल यानी TMH पहुंचाया। लेकिन अफ़सोस, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही घरवालों और सहकर्मियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।इस हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी है। परिजनों के अनुसार, तुषार ही उनके घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। इस आकस्मिक मौत से परिवार सदमे में है और उन्होंने पेट्रोल पंप संचालक से मुआवजे की जोरदार मांग की है।
घटना के तुरंत बाद गेल (GAIL) कंपनी को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गैस के रिसाव को पूरी तरह से बंद किया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ सकी। सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
