राजधानी रांची से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दुर्गा पूजा से ठीक पहले रांची के लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, क्योंकि शहर के सफाईकर्मियों ने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। हटिया मजदूर यूनियन सीटू के बैनर तले सफाईकर्मियों ने आगामी 15 अक्टूबर से अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। यूनियन ने नगर निगम को साफ चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो दुर्गा पूजा के दौरान पूरे रांची शहर में कूड़े के ढेर लग जाएंगे और साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो जाएगी।

दूसरी ओर, रांची नगर आयुक्त ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उन्हें इस हड़ताल की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। नगर आयुक्त का कहना है कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत से निकल सकता है, लेकिन दुर्गोत्सव जैसे पावन त्योहार के दौरान हड़ताल करना उचित नहीं है। उन्होंने सफाईकर्मियों से अपील की है कि वे त्योहार के समय निगम का सहयोग करें, और उनकी जायज मांगों पर त्योहार के बाद विचार किया जाएगा। त्योहर के मौसम में शहर की साफ-सफाई एक बड़ी चुनौती बन गई है। अब देखना यह होगा कि 15 अक्टूबर से पहले प्रशासन और सफाईकर्मियों के बीच कोई सहमति बन पाती है या नहीं।