Hindi News / RPF रांची को ‘सिक्योरिटी शील्ड’ अवार्ड,GRC कोलकाता में आयोजित समारोह में सम्मान

JHARKHAND NEWS : RPF रांची को ‘सिक्योरिटी शील्ड’ अवार्ड,GRC कोलकाता में आयोजित समारोह में सम्मान

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

रांची: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा,अपराध नियंत्रण एवं रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरपीएफ रांची को इस वर्ष प्रतिष्ठित “Security Shield” अवार्ड से सम्मानित किया गया. दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रधान कार्यालय, GRC, Kolkata में आयोजित समारोह में सम्मान दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक द्वारा प्रदान किया गया.

यह पुरस्कार डीएससी/आरपीएफ रांची के नेतृत्व में रांची मंडल में यात्रियों की सुरक्षा, संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, सतर्क गश्त, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और रेलवे संपत्ति एवं यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना के रूप में प्रदान किया गया है.

पिछले एक वर्ष के दौरान आरपीएफ रांची द्वारा यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विशेष अभियानों एवं जांच अभियानों का सफल संचालन किया गया। “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत गुमशुदा एवं जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों अथवा संबंधित बाल कल्याण समिति तक पहुंचाने, “ऑपरेशन आहट” के तहत मानव तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई तथा “ऑपरेशन नॉर्कोस” एवं “ऑपरेशन सतर्क” जैसे अभियानों के माध्यम से मादक पदार्थों, अवैध शराब, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की गई।

आरपीएफ रांची के अधिकारियों एवं जवानों ने न केवल अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की, बल्कि आपात परिस्थितियों में यात्रियों की सहायता, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं की मदद, बच्चों की सुरक्षा तथा जरूरतमंद यात्रियों को मानवीय सहयोग प्रदान कर सुरक्षा बल की संवेदनशील छवि को भी मजबूत किया है।

सम्मान समारोह में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ रेलवे अधिकारी एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस उपलब्धि को आरपीएफ रांची की पूरी टीम के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और 24x7 सेवा भावना का परिणाम माना जा रहा है।

आरपीएफ रांची की इस उपलब्धि से पूरे रांची मंडल में हर्ष का माहौल है। यह “सिक्योरिटी शील्ड” केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि आरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों द्वारा यात्रियों की सुरक्षित एवं सुखद रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे अथक प्रयासों की पहचान है। यह सम्मान आने वाले समय में भी आरपीएफ रांची की टीम को और अधिक उत्साह, ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।