अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को गिरिडीह में जैन समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके साथ ही दस दिवसीय दशलक्षण पर्युषण पर्व का विधिवत समापन हुआ। बड़ा चौक स्थित जैन मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, युवा और श्रद्धालु शामिल हुए।शोभायात्रा में सुसज्जित चांदी की पालकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। गेरुआ वस्त्रधारी युवाओं की टोली पालकी में भगवान वासुपूज्य श्रीजी की अष्टधातु प्रतिमा लेकर नगर भ्रमण करती रही।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीजी की आरती की गई, जबकि महिलाएं मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं।शोभायात्रा छोटा जैन मंदिर होते हुए दिगंबर जैन मंदिर पहुंची, जहां शांतिधारा पाठ और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। जैन समाज के मंत्री विजय सेठी ने अनंत चतुर्दशी को विशेष धार्मिक महत्व का पर्व बताया।
