झारखंड के लाखों बीएड और डीएलएड अभ्यर्थियों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है। राज्य में करीब 9 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी जेटेट (JTET) की तारीख का ऐलान हो गया है। राज्य में जेटेट का आयोजन 1 नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड पर परीक्षा केंद्र, समय और जरूरी निर्देश दर्ज होंगे। फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र के विकल्प मांगे गए थे। नियम के मुताबिक, अभ्यर्थियों को अपना गृह जिला छोड़कर राज्य के किसी भी अन्य जिले को चुनने का विकल्प दिया गया था। अब सेंटर्स का आवंटन इसी प्राथमिकता क्रम के आधार पर किया जा रहा है। शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए पूरे राज्य में 1 हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

जेटेट परीक्षा में पारदर्शिता और कदाचार पर रोक लगाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की जा रही है. जिन परीक्षा केंद्रों पर पहले से CCTV की व्यवस्था नहीं है, वहां परीक्षा से पहले कैमरे लगाने को कहा गया है. परीक्षा के दौरान केंद्रों की गतिविधियों की निगरानी की जायेगी.

परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है.