आम लोगों की खोई संपत्ति वापस दिलाने के लिए गिरिडीह पुलिस का ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान लगातार सफलता हासिल कर रहा है। पुलिस केंद्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के जरिए बरामद किए गए 105 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।कार्यक्रम में एसपी डॉ बिमल कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत अब तक 1000 से अधिक मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं।मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लाभार्थियों ने गिरिडीह पुलिस की तत्परता और संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।एसपी डॉ बिमल कुमार ने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन और उनकी खोई संपत्ति वापस दिलाने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।