बेरमो में कोयले के काले कारोबार पर CISF ने ऐसा शिकंजा कसा कि अवैध कारोबारियों में खलबली मच गई.ड्रोन की पैनी नजर, श्वान दस्ते की मुस्तैदी और जवानों की ताबड़तोड़ कार्रवाई ने कोयला चोरी के ठिकानों पर धावा बोल दिया. खाममहल और कोनार साइडिंग के समीप एक साथ की गई छापेमारी में 12 मोटरसाइकिलों समेत 5.385 टन अवैध कोयला जब्त किया गया.खासमहल और कोनार साइडिंग के आसपास मोटरसाइकिलों के जरिए अवैध कोयले का परिवहन किया जा रहा था.सूचना मिलते ही CISF कमांडेंट के निर्देश पर CISF ने दोनों ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर दी.कार्रवाई के दौरान 12 मोटरसाइकिलों पर लदा कुल 5.385 टन अवैध कोयला बरामद हुआ. जब्त कोयले और मोटरसाइकिलों के मामले में MMDR एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.इस कार्रवाई की खासियत आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल रहा.आसमान से ड्रोन संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहा था, तो जमीन पर प्रशिक्षित श्वान दस्ता संदिग्ध ठिकानों की तलाशी में जुटा था
ड्रोन से मिले इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की रणनीति तैयार की गई। इसके बाद CISF जवानों ने दोनों स्थानों पर एक साथ दबिश देकर अवैध कोयले और परिवहन में इस्तेमाल हो रही मोटरसाइकिलों को जब्त किया.CISF के अधिकारियों ने कहा कि कोयला चोरी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला थमने वाला नहीं है.गुप्त सूचना तंत्र, ड्रोन सर्विलांस और त्वरित कार्रवाई के जरिए अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने का अभियान जारी रहेगा. अब सवाल यह है कि इस कार्रवाई के बाद कोयले के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की अगली कड़ी तक जांच कब पहुंचती है.

