MMDR कानून को लेकर झारखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है… राज्य सरकार इस कानून के विरोध में विधानसभा का विशेष सत्र आहूत करने की तैयारी में है…7 अक्टूबर को हेमंत कैबिनेट की बैठक होने वाली है, जिसमें विशेष सत्र बुलाने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है…राज्य सरकार लगातार आरोप लगा रही है कि MMDR कानून से झारखंड को आर्थिक नुकसान होगा और राज्य के खनिज संसाधनों पर इसका सीधा असर पड़ेगा..वहीं, विशेष सत्र को लेकर अब बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं…कांग्रेस जहां इसे झारखंड के हितों से जोड़कर केंद्र सरकार पर निशाना साध रही है, वहीं बीजेपी राज्य सरकार की नीयत और पिछले सात साल के कामकाज पर सवाल उठा रही है.

वहीं कांग्रेस का कहना है कि MMDR कानून से झारखंड को बड़ा आर्थिक नुकसान होने जा रहा है… कांग्रेस के मुताबिक करीब 14 हजार करोड़ रुपये सालाना का नुकसान राज्य को हो सकता है…कांग्रेस का आरोप है कि झारखंड सरकार लगातार आदिवासी, मूलवासी और महिलाओं के विकास के लिए काम कर रही है, लेकिन इस कानून के लागू होने से राज्य के विकास की रफ्तार प्रभावित होगी…कांग्रेस का कहना है कि राज्य सरकार विधानसभा के विशेष सत्र में MMDR कानून के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजेगी और इस कानून पर दोबारा विचार करने की मांग करेगी.

इधर बीजेपी ने राज्य सरकार के विरोध पर पलटवार किया है…बीजेपी का कहना है कि सरकार को पहले यह बताना चाहिए कि पिछले सात वर्षों में कितनी नई माइनिंग शुरू की गई… कितनी खदानों का ऑक्शन हुआ और खनिज उत्पादन कितना बढ़ा?बीजेपी का कहना है कि राजस्व तभी बढ़ेगा, जब उत्पादन बढ़ेगा…लेकिन राज्य सरकार ने न तो पर्याप्त उद्योग लगाए और न ही माइनिंग की नई शुरुआत की…बीजेपी ने आरोप लगाया कि राजस्व बढ़ाने के नाम पर प्रदेश में अवैध माइनिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके मामले समय-समय पर सामने भी आते हैं…बीजेपी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर विशेष सत्र बुलाना ही है, तो उन छात्रों के मुद्दे पर बुलाया जाना चाहिए, जिनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और जो लंबे समय तक सड़कों पर आंदोलन करते रहे.

फिलहाल MMDR कानून को लेकर झारखंड में सियासी घमासान तेज है… 7 अक्टूबर को होने वाली कैबिनेट बैठक में विशेष सत्र को लेकर क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं…अगर विशेष सत्र बुलाया जाता है, तो सदन के भीतर भी सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर जोरदार टकराव देखने को मिल सकता है..