देवघर नगर निगम बोर्ड की मंगलवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में शहर के विकास, सफाई, पेयजल और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों से जुड़े 43 एजेंडों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। बोर्ड ने 28 सितंबर को प्रकाशित एक समाचार को भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए नाराजगी जताई।दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को लेकर 36 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। शहर में 3,600 आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाने तथा बिजली मिस्त्रियों की दो नई टीम गठित करने को भी मंजूरी मिली।

पेयजल व्यवस्था मजबूत करने, चापाकलों की ऊंचाई बढ़ाने, सिल्ट सफाई और पानी टैंकर व आरओ वाटर शुल्क निर्धारण पर सहमति बनी। पलवारा चौक, पुराना बस स्टैंड, टाउन हॉल सहित कई स्थानों पर पार्क, हॉल और ओपन जिम विकसित किए जाएंगे।डोर-टू-डोर सफाई एजेंसी MSWM को सुधार की चेतावनी देते हुए अनुबंध समाप्त करने की संभावना जताई गई। सिंगल यूज प्लास्टिक पर दंड, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, रात्रि सफाई और सीसीटीवी लगाने के प्रस्ताव भी पारित हुए। 1,086 पीएम आवास लाभुकों को राशि भुगतान तथा पार्षदों के लंबित मानदेय के भुगतान को भी स्वीकृति मिली।