रामगढ़ में रविवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला.रांची रोड स्थित जिमखाना क्लब एंड रिसॉर्ट में स्वर्गीय रामचंद्र रूंगटा की पुण्य स्मृति में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ.सुबह मंगल कलश शोभायात्रा के साथ कथा का आगाज हुआ.तो शाम को कथा के प्रथम दिन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी कार्यक्रम में पहुंचे.राज्यपाल ने श्रद्धालुओं के साथ श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया. वहीं कथा आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने का काम करते हैं. रविवार को स्वर्गीय रामचंद्र रूंगटा की पुण्य स्मृति में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ.

कथा शुरू होने से पहले प्रणीत टावर स्थित मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की गई.इसके बाद निकली भव्य मंगल कलश शोभायात्रा.सिर पर मंगल कलश.हाथों में श्रीमद्भागवत ग्रंथऔर जुबां पर राधे-राधे के जयकारे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा रामगढ़ भक्तिमय नजर आया.सुबह की भव्य कलश यात्रा के बाद शाम को कथा के प्रथम दिन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी जिमखाना क्लब पहुंचे.राज्यपाल के पहुंचने पर रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने उनका स्वागत किया.राज्यपाल ने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया.राज्यपाल के पहुंचने से आयोजन की गरिमा और बढ़ गई. वहीं कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि वह लंबे समय तक लोकसभा के सदस्य रहे हैं और बरेली से आठ बार सांसद रह चुके हैं.उन्होंने कहा कि बरेली में इस दौरान जितने भी महापुरुष आए और उनके प्रवचन हुए. वे उन कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं और उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हैं.राज्यपाल ने कहा कि इस तरह का आयोजन एक अच्छा प्रयास है और समाज के लिए इसकी उपयोगिता भी है.उन्होंने कहा कि लोगों को महापुरुषों के विचारों और प्रवचनों को सुनना चाहिए और उनके बताए मार्ग को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए.राज्यपाल ने श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी शुभकामनाएं झारखंड और झारखंड की जनता के साथ हैं.

बता दें कि सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक चलेगी.हर दिन दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक श्रीधाम वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथाव्यास एवं भागवत मर्मज्ञ आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी महाराज श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे.पहले दिन श्रीमद्भागवत महात्म्य और मंगलाचरण के साथ कथा का शुभारंभ हुआ.आने वाले दिनों में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं के साथ भक्ति, ज्ञान, सदाचार, सेवा, प्रेम और मानवता से जुड़े प्रसंगों के जरिए श्रद्धालुओं को जीवन में सकारात्मक दिशा अपनाने का संदेश दिया जाएगा.श्रद्धालु सपरिवार और इष्ट-मित्रों के साथ कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर सकते हैं.आयोजन में रूंगटा परिवार की ओर से माया रूंगटा, अभिषेक रूंगटा, आलोक रूंगटा, आशीष रूंगटा, नेहा और शुभ्रा समेत बड़ी संख्या में सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे.वहीं आयोजन की व्यवस्था में मारवाड़ी युवा मंच और चेतना समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

फिलहाल रामगढ़ में सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है जिमखाना क्लब एंड रिसॉर्ट में कथा के दौरान लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और पूरा माहौल भक्ति और अध्यात्म में सराबोर नजर आ रहा है