वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड तथा हजारीबाग पूर्वी वन प्रमंडल के तत्वावधान में पर्यावरण जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली कनहरी से शुरू होकर दूधमटिया तक के लिए निकली । इसमें वन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी, स्कूली बच्चे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक किया गया।

प्रतिभागियों ने ‘पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ’ और ‘हरियाली है तो खुशहाली है’ जैसे नारों के जरिए लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा जंगल और वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कनहरी से शुरू हुई साइकिल रैली दूधमटिया में संपन्न होगी । स्थानीय लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर आयोजित इस जागरूकता पहल की सराहना की।