हजारीबाग शहर के बीचोंबीच करीब 33 एकड़ में बने शहीद निर्मल महतो पार्क का जल्द कायाकल्प किया जाएगा। पार्क के मेंटेनेंस का कार्य शीघ्र शुरू होने की बात कही गई है। नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, सहायक नगर आयुक्त अनिल पांडेय सहित नगर निगम की टीम ने पार्क का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पार्क की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने कई खामियां चिन्हित करते हुए उन्हें जल्द दूर करने का निर्देश दिया। बताया गया कि पार्क के रखरखाव और आवश्यक सुधार का कार्य अब नगर निगम की निगरानी में कराया जाएगा।

शहीद निर्मल महतो पार्क का उद्घाटन करीब 2012-13 के आसपास हुआ था। बाद में नगर निगम ने टेंडर के माध्यम से पार्क का संचालन निजी हाथों में सौंप दिया था। उचित रखरखाव के अभाव में समय के साथ पार्क की स्थिति खराब होती गई। अब नगर निगम ने पार्क के संचालन की जिम्मेदारी अपने हाथ में लेकर इसे बेहतर स्वरूप देने की पहल शुरू की है।