बोकारो के सेक्टर-2C में इस वर्ष दुर्गोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को नासिक के प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर की झलक देखने को मिलेगी। श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, सेक्टर-2 की ओर से भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल की भव्यता के साथ आकर्षक विद्युत सज्जा और विशेष सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।पंडाल का निर्माण करीब 15 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। बोकारो और पश्चिम बंगाल के करीब 25 कारीगर 16 सितंबर से पंडाल निर्माण में जुटे हुए हैं। पंडाल की चौड़ाई करीब 125 फीट और ऊंचाई 100 फीट होगी। इसे 16 अक्टूबर तक पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, पंडाल की लाइटिंग और सजावट पर करीब 28 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
खास बात यह है कि इस पंडाल के निर्माण में मुस्लिम कारीगर भी पूरी मेहनत से जुटे हुए हैं। कारीगरों का कहना है कि अलग-अलग त्योहारों के लिए पंडाल बनाना उनके लिए खुशी की बात है और जब लोग उनके काम की प्रशंसा करते हैं तो उन्हें और उत्साह मिलता है।
