लोहरदगा के शहर के बांग्ला रोड स्थित वार्ड नंबर-9 में शुक्रवार की सुबह करीब 3 बजे पुरानी नगर पालिका परिसर में स्थित एक विशालकाय पुराना पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से मोहम्मद मेराज, पिता मोहम्मद समद तथा मोहम्मद तबरेज, पिता स्वर्गीय नासिर खान के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के वक्त दोनों परिवार के सदस्य अपने-अपने घरों में बच्चों के साथ सो रहे थे। अचानक तेज आवाज होने से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।पीड़ित परिवार के लोगों ने बताया कि तेज आवाज सुनकर जब उनकी नींद खुली तो देखा कि विशाल पेड़ उनके मकान पर गिर चुका है। इसके बाद परिवार के लोग बच्चों को लेकर किसी तरह घर से बाहर निकले और सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। गनीमत रही कि पेड़ गिरने से किसी व्यक्ति को चोट नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।प्रत्यक्ष रूप से पेड़ के गिरने से एक पिलर वाले मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। पीड़ितों के अनुसार पेड़ के गिरने के दौरान मकान के पिलर तक हिल गए और भवन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, एस्बेस्टस वाले दूसरे मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घर के क्षतिग्रस्त होने से दोनों परिवारों के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है।

पीड़ित मोहम्मद मेराज और मोहम्मद तबरेज ने बताया कि अचानक हुए इस हादसे में उनकी और परिवार के अन्य सदस्यों की जान बाल-बाल बची। दोनों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का जायजा लेकर उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं और अपने स्तर से मकानों की मरम्मत कराना उनके लिए काफी मुश्किल है।घटना की सूचना मिलने के बाद नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर एवं वार्ड पार्षद अब्दुल वारिस मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा पेड़ गिरने से हुए नुकसान का जायजा लिया। जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों को प्रशासन के स्तर से उचित मुआवजा दिलाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।