JDU में फूट ! : विधान पार्षद ने मंत्री पर बोला हमला, कुशवाहा का खुलकर किया सपोर्ट

Edited By:  |
jdu me foot vidhan parshad ne mantri per bola hamla jdu me foot vidhan parshad ne mantri per bola hamla

PATNA : बिहार से बड़ी सियासी खबर सामने आ रही है। उपेन्द्र कुशवाहा के मामले में अब जेडीयू दो फाड़ होती दिख रही है। अपनी ही पार्टी के नेता अब खुल कर नसीहत देते दिख रहे हैं। इस पूरे मामले में पार्टी के एक विधान पार्षद ने सीनियर मंत्री पर जोरदार हमला बोल दिया है।

उपेन्द्र कुशवाहा के समर्थन में जेडीयू के विधान पार्षद रामेश्वर महतो आए हैं।उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जेडीयू कोटे के मंत्री और सीएम नीतीश कुमार के खासमखास अशोक चौधरी पर हमला बोला है। उपेन्द्र कुशवाहा पर अशोक चौधरी की गयी टिप्पणी से वे भारी गुस्से में दिख रहे हैं। रामेश्वर महतो ने हमला बोलते हुए कहा कि पासी समाज का होने के बावजूद आपको ये समाज अपना नेता मानने को तैयार नही है।

रामेश्वर महतो ने अशोक चौधरी पर हमला बोलते हुए लिखा है कि "माननीय मंत्री अशोक चौधरी जी, मैं आपका सम्मान करता हूं। क्योंकि आप हम सबके सर्वमान्य नेता श्री नीतीश कुमार जी के कैबिनेट के अंग हैं। लेकिन कल 26 जनवरी को जो आपने जनता दल यूनाइटेड के संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उपेंद्र कुशवाहा जी के बारे में टिप्पणी की वह ठीक नहीं है।आप ही के व्यवहार के कारण पासी समाज जनता दल यूनाइटेड का विरोधी हो गया है। और, अब जदयू को वोट नही देता है। जहां तक कुशवाहा समाज की बात है, कुशवाहा समाज माननीय नेता श्री नीतीश कुमार जी के साथ था और आज भी पूरी ताकत से खड़ा है।"

बता दें कि नीतीश-कुशवाहा विवाद के बीच भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी उपेंद्र कुशवाहा पर हमला करते हुए कहा था कि पार्टी में उनकी हैसियत किराएदार की है और किराएदार कभी हिस्सेदार नहीं हो सकता है। चौधरी ने कहा कि जेडीयू को खड़ा करने में उनका कोई योगदान नहीं है। इसके बावजूद उन्हें पार्टी के नेता नीतीश कुमार ने हमेशा सम्मान दिया है। बदले में हर एक मौके पर नीतीश कुमार को उपेंद्र कुशवाहा की तरफ से कमजोर करने की कोशिश हुई है।


Copy