GAYA : बिहार के गया में JDU नेत्री और पूर्व MLC मनोरमा देवी और उनके बेटे को बड़ा धमाका कर जान से मारने की धमकी मिली है. धमकी वाला यह पत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से आया है. स्पीड पोस्ट के माध्यम से दो लिफाफा आया था. एक में जदयू नेता और पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी और दूसरे में उनके पुत्र राकेश रंजन उर्फ रॉकी यादव का नाम था.

फिलहाल धमकी वाला पत्र मिलते ही जेडीयू के पूर्व एमएलसी और उनके परिवार के लोग चिंतित है. इस मामले की प्राथमिकी रामपुर थाना में दर्ज कराई गई है. केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में गई है. मनोरमा देवी का आवास शहर के रामपुर थाना क्षेत्र के एपी कॉलोनी में है.

पटना जीपीओ से किया गया था पोस्ट

24 अगस्त को पटना जीपीओ से स्पीड पोस्ट किया गया था. इसमें दो लिफाफे थे. एक लिफाफा मनोरमा देवी के नाम से था जबकि दूसरा लिफाफा उनके पुत्र रॉकी यादव के नाम से था. इस मामले को लेकर पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी ने रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें मनोरमा देवी ने बताया है कि स्पीड पोस्ट के माध्यम से उनके यहां बीते 26 अगस्त को डाक के माध्यम से दो लिफाफा मिला था. एक में मेरा और दूसरे में मेरे बड़े पुत्र राकेश रंजन का नाम लिखा था. इसे मेरे घर के कर्मचारी अजय शर्मा ने रिसीव किया, जिसके बाद मेरे निजी सहायक रविंद्र कुमार ने लिफाफा खोला और पढ़ने के बाद उसने बताया कि आप लोगों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से पत्र आया है. जिसमें जान मारने की धमकी मिली है और बड़ा धमाका करने की चेतावनी दी गई है.

इसका ट्रैक आईडी-ईएफ 434191177 आईएन और 434191115 आईएन है. इसे ट्रैक करने पर पता चला कि दिनांक 24 अगस्त को पटना जीपीओ से पोस्ट किया गया है. पत्र में भेजने वाले का नाम सुशील कुमार, पता साकेत पुरी, बहादुरपुर राजेंद्र नगर पटना है. धमकी का पत्र एवं लिफाफा एफआईआर में संलग्न कराया गया है.

छानबीन में जुटी पुलिस

इधर, इस केस के आईओ रामपुर थाना के इंस्पेक्टर दिनेश बहादुर सिंह खुद बने हैं और उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार मामले की छानबीन की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.

हालांकि, इस पूरे मामले में पूर्व MLC मनोरमा देवी या पुलिस के कोई भी पदाधिकारी कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं लेकिन धमकी मिलने के बाद पूरे शहर में तरह-तरह की चर्चा हो रही है.