जमशेदपुर पुलिस की बड़ी सफलता : लगभग 1 करोड़ 50 लाख की कीमती पन्ना के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
जमशेदपुर:जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जहां बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर लगभग 1.095 किलोग्राम पन्ना (Emerald) के साथ तीन तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है. बरामद पन्ना की कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है.
गुप्त सूचना पर गठित विशेष टीम ने की कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार,पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास कुछ लोग बहुमूल्य रत्न की खरीद-बिक्री के लिए आने वाले हैं. सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की,जहां तीन संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें धर-दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर, सिंधेश्वर कालिंदी और सोहेलाशिष मंगराज के रूप में हुई है.
विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 1095 ग्राम पन्ना, दो मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद की गई. पुलिस ने इस मामले में बहरागोड़ा थाना कांड दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता,भारतीय वन अधिनियम, पुरावशेष और बहुमूल्य कलाकृति अधिनियम और खान एवं खनिज अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिसिया कार्रवाई जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विनय पातर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है. फिलहाल बरामद पन्ना की जांच और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है.





